ईरान के राष्ट्रपति से पीएम मोदी ने फोन पर की बात
अपडेटेड: 30 जून, 2026
पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से फोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच क्षेत्र के मौजूदा हालात और आगे की स्थिति को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बातचीत में राष्ट्रपति पेजेशकियन ने प्रधानमंत्री मोदी को पश्चिम एशिया के हालिया घटनाक्रमों और भविष्य की दिशा से अवगत कराया। प्रधानमंत्री मोदी ने क्षेत्र में बने संघर्षविराम और तनाव कम करने के प्रयासों का स्वागत किया।
भारत का स्पष्ट रुख: पीएम मोदी ने एक बार फिर दोहराया कि सभी विवादों का समाधान केवल संवाद और कूटनीति के जरिए ही संभव है। उन्होंने पश्चिम एशिया में स्थायी शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के साथ-साथ समुद्री नौवहन और वैश्विक व्यापार की निर्बाध सुरक्षा पर जोर दिया।
ईरान से भारत ने बनाए रखा कूटनीतिक संबंध
पश्चिम एशिया में टकराव के बावजूद भारत ने तेहरान के साथ हाई-लेवल राजनीतिक, रणनीतिक और मानवीय स्तर पर लगातार संपर्क बनाए रखा है। पीएम मोदी ने टकराव शुरू होने के बाद से अब तक ईरान के राष्ट्रपति से दो बार बात की है। इसके अलावा, विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर भी लगातार अपने ईरानी समकक्ष के संपर्क में रहे हैं।
